जंगली जानवरों के लिए बिछाया विद्युत का जाल, फसा इंसान, हुई मौत

      आदि भारत। गोंदिया महाराष्ट्र 
जंगली जानवरों की शिकार के लिए बिछाए गए विद्युत करंट के तार में इंसान फस गया और करंट से उसकी मौत हो गई। घटना 29 नवंबर को सामने आयी है। इस घटना में सालेकसा तहसील के आमगांव खुर्द निवासी मनोज उत्तमराव करंडे (46) की मृत्यु हो गई। सालेकसा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 
बता दें कि जिले में विद्युत करंट का तार बिछाकर जंगली जानवर तथा नदी, नालों से मछलियों की शिकार की जा रही है। इस तरह के अनेक मामले सामने आ चुके है। कुछ दिन पूर्व ही आमगांव में नदी के पानी में विद्युत करंट का तार छोड़कर मछलियां मारी जा रही थी, जिसमें एक व्यक्ति की भी विद्युत करंट के संपर्क में आ जाने से मृत्यु हो गई थी। इस तरह की अनेक घटनाएं बिछाए गए विद्युत करंट के तारों से संपर्क में आकर घटित हो चुकी है। इसी तरह की फिर से एक घटना सालेकसा तहसील के आमगांव खुर्द के सालेकसा बहेकार अामराई में सामने आयी है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मनोज उत्तमराव करंडे यह अपने मित्रों के साथ सालेकसा के बहेकार अामराई में भोजन करने के लिए गया हुआ था। इस दौरान वे लघुशंका के लिए कुछ दूरी पर गया था। इस दौरान वह विद्युत करंट से बिछाए गए तार के संपर्क में आ गया। घटना में उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत में कहा गया है कि किसी अज्ञात ने जानवरों को मारने के लिए महावितरण के विद्युत तारों से अवैध रूप से सेंट्रिंग में उपयोग में होने वाला तार का कनेक्शन जोड़कर बिछाया गया था। इसी तार के संपर्क में आ जाने से मनोज करंडे की मृत्यु हो गई। मृतक के भाई विकास उत्तमराव करंडे (42) की शिकायत पर सालेकसा पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच पुलिस निरीक्षक भूषण बुराडे द्वारा शुरू की गई है।