आदि भारत। गोंदिया महाराष्ट्र
तिरोडा- तिरोडा तहसील के खडकी (डोंगरगांव) क्षेत्र में आदमखोर तेंदुए ने 9 जनवरी को 14 वर्षीय बालक की जान ले ली थी। इस घटना के बाद पूरे परिसर में आदमखोर तेंदुए का भय व्याप्त हो गया था। तेंदुए के डर से कई गांवों में बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया गया था, जिससे शिक्षा पर भी असर पड़ा।
खडकी, डोंगरगांव, नीमगांव, बुढ़ाटोला और रत्नपुर जैसे गांव घने जंगलों से घिरे होने के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। शाम के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतराने लगे थे।
वन विभाग की टीम ने लगातार 9 दिनों तक सघन अभियान चलाया। गश्त बढ़ाई गई और विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाए गए। आखिरकार 17 जनवरी की शाम करीब 7.30 बजे खड़की गांव के पास एक तालाब के समीप आदमखोर तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग को सफलता मिली।